पुरानी पेंशन को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन,मध्यप्रदेश कर्मचारी कांग्रेस के नववर्ष कैलेंडर का पूर्व मुख्यमंत्रियों ने विमोचन

बालाघाट. 19 जनवरी को बालाघाट पहुंचे प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद दिग्विजयसिंह को मध्यप्रदेश कर्मचारी कांग्रेस जिलाध्यक्ष सजल मस्की के नेतृत्व में संगठन द्वारा शासन के अधिकारी, कर्मचारियों की पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा गया. साथ ही इस अवसर पर मध्यप्रदेश कर्मचारी कांग्रेस के नववर्ष के कैलेंडर का विमोचन किया गया.

मध्यप्रदेश कर्मचारी कांग्रेस जिलाध्यक्ष सजल मस्की ने बताया कि पूरे जिले में मध्यप्रदेश कर्मचारी कांग्रेस द्वारा प्रदेश शासन के अधिकारी एवं कर्मचारियों को पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है. जबकि मध्यप्रदेश शासन अधिकारी, कर्मचारियों को नई अंशदायी पेंशन दे रहा है, जिससे अधिकारियों, कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति या आकस्मिक मृत्यु उपरांत महज एक हजार से 12 सौ रूपये पेंशन दे रही है, जो वर्तमान में बढ़ती महंगाई में शासन को सेवायें देने वाले कर्मचारी या उसके परिवार के लिए पर्याप्त नहीं है. जिसको लेकर लगातार मध्यप्रदेश कर्मचारी कांग्रेस प्रदेश में अधिकारियों और कर्मचारियों को जागरूक करने का काम रहा है. अध्यक्ष मस्की ने बताया कि पुरानी पेंशन बहाली के अलावा रोकी गई वेतनवृद्धि, महंगाई भत्ता और सातवे वेतनमान की अंतिम किश्त जारी किये जाने की मांग रखी गई.

इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने मध्यप्रदेश कर्मचारी कांग्रेस को आश्वस्त किया कि उनकी जायज मांगो को लेकर वह प्रदेश के मुख्यमंत्री का ध्यान आकर्षित करवायेंगे और प्रदेश के कर्मचारियों के लिए जो भी हरसंभव प्रयास शासनस्तर पर किये जा सकते है, वह किये जायेंगे. साथ ही उन्होंने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली की मांग मध्यप्रदेश के कर्मचारियों का अधिकार है और वह हमेशा उनकी इस मांग के साथ है.

नववर्ष के कैलेंडर का किया विमोचन

इस अवसर पर मध्यप्रदेश कर्मचारी कांग्रेस के नववर्ष के कैलेंडर का विमोचन पूर्व मुख्यमंत्रीद्वय कमलनाथ और दिग्विजयसिंह द्वारा किया गया. इस दौरान मध्यप्रदेश कर्मचारी कांग्रेस के प्रदेश सचिव साजिद खान, जिलाध्यक्ष सजल मस्की, प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष देवेन्द्र पांडे, फातिमा खान, सरोज बोरकर, संतोष मसखरे, सचिव देवेन्द्र पटले सहित अन्य कर्मचारी साथी उपस्थित थे.


Web Title : EX CHIEF MINISTERS RELEASE MEMORANDUM SUBMITTED TO FORMER CHIEF MINISTER ON OLD PENSION, MADHYA PRADESH EMPLOYEES CONGRESS NEW YEAR CALENDAR