असम में चुनाव की तैयारियां जोरो पर, कांग्रेस महासचिव प्रियंका ने चाय बगान के कर्मचारियों से की मुलाकात

असम में कांग्रेस विधानसभा चुनावों की तैयारियों में जुटी हुई है. इसके मद्देनजर कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने आज असम के साधारु में चाय बागान के कर्मचारियों के साथ चाय की पत्तियां तोड़ी. कांग्रेस ने अपने ट्विटर हैंडल पर उनकी कई तस्वीरें भी शेयर की हैं. प्रियंका गांधी के असम दौरे का दूसरा दिन है.

प्रियंका ने महिला मजदूरों के साथ बातचीत भी की

चुनाव प्रचार करने पहुंची प्रियंका गांधी ने आज सदरु चाय एस्टेट में महिला मजदूरों के साथ बातचीत भी की.   प्रियंका गांधी ने ट्वीट करके कहा, ‘’चाय बागान के श्रमिकों का जीवन सच्चाई और सादगी से भरा हुआ है और उनका श्रम देश के लिए बहुमूल्य है. मैंने चाय बागान के श्रमिकों के संग बैठकर उनके कामकाज, घर परिवार का हालचाल जाना और उनके जीवन की कठिनाइयों को महसूस किया. मैं मैंने चाय बागान के श्रमिकों से मिला प्रेम और ये आत्मीयता नहीं भूलूंगी.

प्रियंका तेजपुर में महाभैरव मंदिर में भी प्रार्थना करेंगी और बाद में एक रैली को संबोधित करेंगी. सूत्रों का कहना है कि प्रियंका गांधी जो अब तक उत्तर प्रदेश तक ही सीमित रही हैं, अब पूरी तरह से चुनावी अभियान की होड़ में हैं और केरल, पुदुचेरी और पश्चिम बंगाल की यात्रा भी करेंगी.

राहुल गांधी ने भी किया था असम का दौरा 

इससे पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने असम का दौरा किया था और एक रैली को संबोधित किया था, जिसमें उन्होंने कहा था कि नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) को कांग्रेस पार्टी की तरफ से मुख्य एजेंडा के रूप में रेखांकित किया जाएगा.

असम की 126 सीटों के लिए तीन चरणो में होगा मतदान

बता दें कि असम की 126 सीटों के लिए 27 मार्च, 1 अप्रैल और 6 अप्रैल को तीन चरणो में मतदान होगा. 2 मई को चुनावों के नतीजे घोषित होंगे. वर्तमान में यहां एनडीए की सरकार है और सर्वानंद सोनोवाल मुख्यमंत्री हैं. पिछले चुनाव में बीजेपी 89 सीटों पर चुनाव लड़ी थी और उसने 60 सीटें जीती थीं. वहीं असम गण परिषद ने 30 सीटों पर चुनाव लड़कर 14 सीटें और बोडोलैंड पीपल्स फ्रंट ने 13 सीटों पर चुनाव लड़कर 12 जीती थीं. इस चुनाव में कांग्रेस ने 122 सीटों पर चुनाव लड़ा था और सिर्फ 26 सीटों पर कब्जा किया था. यहां बहुमत के लिए 64 सीटें चाहिए

Web Title : CONGRESS GENERAL SECRETARY PRIYANKA MEETS TEA GARDEN STAFF ON PREPARATIONS FOR ELECTIONS IN ASSAM

Post Tags: