देवघर राष्ट्रीय कवि संगम अधिवेशन में धनबाद के पन्द्रह कवि सम्मानित

धनबाद : धनबाद के पन्द्रह कवियों को देवघर में आयोजित राष्ट्रीय कवि संगम, झारखंड के द्वितीय प्रान्तीय अधिवेशन में सम्मानित किया गया. छः और सात अक्टूबर को आयोजित इस दो दिवसीय अधिवेशन में प्रदेश के डेढ़ सौ कवियों ने भाग लिया.   वहीं युवाओं के लिए आयोजित विशेष कार्यक्रम ´दस्तक- युवा पीढ़ी´ में धनबाद जिले का प्रतिनिधित्व नवोदित कवि तुषार कश्यप ने किया. उनकी रचना ´रक्त धार-धार चल, अग्नि को पुकार चल´ को उपस्थित गणमान्य अतिथियों ने ख़ूब सराहा.  

वहीं संगठन के झारखण्ड इकाई के प्रान्तीय संगठन मंत्री धनबाद के युवा कवि अनंत महेन्द्र द्वारा मंच संचालन करना जिले के लिए गौरव की बात रही. उन्होंने प्रतिभागियों का विशेष छंदबद्ध काव्यात्मक परिचय करते हुए सभी श्रोताओं के दिल जीत लिया. अनंत महेन्द्र की काव्य प्रस्तुति ´जनसंख्या नियंत्रण विधेयक´ को विशेष रूप से सराहा गया. कवि अनंत महेन्द्र द्वारा ´हम दो हमारे दो तो सबके भी दो ही रहे, मोदी जी सदन में यूँ कानून बनाइए´ शीर्षक पँक्तियाँ पढ़ते ही पूरा सदन तालियों से गूँज उठा.

  वहीं जिले की अध्यक्षा डॉ. संगीता नाथ व वरिष्ठ कवि प्रान्तीय मार्गदर्शक दिनेश रविकर को मंचासीन किया गया. दोनों ने विभिन्न जिले के कई कवियों को सम्मानित किया. कार्यक्रम के आरम्भ में जिले की ग़ज़लकारा सुमन मिश्रा ने अपने मधुर स्वर में सरस्वती वंदना गाकर सभी का मन मोह लिया.  

वरिष्ठ कवयित्री स्नेहप्रभा पांडेय ने मंच से दोहावली पढ़कर समां बांध दिया. प्रमिला श्री, जगबंधु आचार्य, अनिल सिन्हा गुड्डू, विष्णुदेव महतो, मनीष कुमार, शुभदीप साधू, ऋषभ कुमार आदि कवियों की रचनाएँ भी ख़ूब पसंद की गई.  

राष्ट्रीय कवि संगम, झारखंड के प्रदेश अध्यक्ष प्रसिद्ध समाजसेवी सुनील खवाड़े के नेतृत्व में आयोजित इस कवियों के महाकुम्भ में राष्ट्रीय अध्यक्ष जगदीश मित्तल, गोड्डा संसद व संगठन के प्रदेश संरक्षक निशिकांत दुबे, देवघर विधायक नारायण दास, सिद्दू-कान्हू विश्विद्यालय के कुलपति मनोरंजन प्रसाद सिन्हा, प्रान्तीय महासचिव सरोज झा, संगठन के राष्ट्रीय मंत्री दिनेश देवघरिया, मार्कण्डेय झा, जगजीवन गुप्ता, दिनेश रविकर, श्याम कुँवर भारती मुख्य रूप से उपस्थित रहे.  

वहीं कार्यक्रम के संयोजन में उपाध्यक्ष पंकज कुमार झा, संगठन मंत्री अनंत महेन्द्र, सचिव प्रकाश भारद्वाज, सोशल मीडिया प्रभारी बीरेंद्र अग्रवाल, राजेश कर्महे ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.

Web Title : FIFTEEN POETS OF DHANBAD HONORED IN DEVGHAR NATIONAL POET SANGAM PROGRAM