अर्जुन मुंडा झारखंड तीरंदाजी संघ के बने अध्यक्ष

रांची : पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा को झारखंड तीरंदाजी संघ का नया बनाया गया है. पहले वे संघ के संरक्षक थे. अर्जुन मुंडा को अध्यक्ष बनाने का निर्णय मंगलवार को जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित झारखंड तीरंदाजी संघ की बैठक में लिया गया. बैठक की अध्यक्षता संघ के उपाध्यक्ष बेली बोधनवाला ने की, जबकि अध्यक्ष के रूप में अर्जुन मुंडा के नाम का प्रस्ताव संघ के दूसरे उपाध्यक्ष दुमका के केएन सिंह ने रखा, जिसपर बैठक में मौजूद कार्यकारिणी सदस्यों ने सर्वसम्मति से मुहर लगा दी.

मालूम हो कि टाटा स्टील के पूर्व उपाध्यक्ष सुनील भास्करन झारखंड तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष थे, लेकिन एयर एशिया में जाने के बाद से वे संघ को अपना समय नहीं दे पा रहे थे. इसलिए झारखंड तीरंदाजी संघ ने उनकी जगह अर्जुन मुंडा को अध्यक्ष बनाने का निर्णय लिया.  

बैठक में सुनील भास्करन के प्रतिनिधि रितुराज सिन्हा, वरीय उपाध्यक्ष बोकारो के अजय सिंह, उपाध्यक्ष एल मूर्ति, सचिव आशीष कुमार, कमेटी मेंबर सुमन चंद मोहंती, हजारीबाग के सचिव मनोज कुमार, गिरिडीह के सचिव राजवंश सिंह, धनबाद के सचिव जुबेर आलम, द्रोणाचार्य अवार्डी पूर्णिमा महतो, अंतरराष्ट्रीय कोच हरेंद्र सिंह व धर्मेंद्र तिवारी समेत कुछ अन्य नामचीन तीरंदाज मौजूद थे.

कुछ दिनों पहले अर्जुन मुंडा भारतीय तीरंदाजी संघ के चुनाव में उतरे थे. उन्होंने अध्यक्ष पद से नामांकन भी किया था, लेकिन चुनाव पदाधिकारी ने यह दलील देते हुए उनके नामांकन को खारिज कर दिया था कि किसी संघ का संरक्षक कार्यकरिणी सदस्य नहीं होता है, इसलिए अर्जुन मुंडा को चुनाव लड़ने की इजाजत नहीं दी जा सकती है. चुनाव पदाधिकारी के इस फैसले पर काफी घमासान भी मचा, लेकिन अंततः अर्जुन मुंडा चुनाव नहीं लड़ पाए थे.

Web Title : ARJUN MUNDA BECAME PRESIDENT OF JHARKHAND ARCHERY ASSOCIATION

Post Tags: