राज्यपाल ने किया झारखंड के नए प्रतीक चिन्ह का अनावरण

रांची.   शुक्रवार को झारखंड सरकार के नए प्रतीक चिन्ह (लोगो) को जारी किया. राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने इस चिन्ह का अनावरण किया. यह लोगो 15 अगस्त से लागू होगा. अनावरण के लिए मोरहाबादी स्थित आर्यभट्ट सभागार में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी मौजूद रहे.

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू, विधानसभा अध्यक्ष रबिंद्र नाथ महतो, राज्यसभा सांसद शिबू सोरेन को राज्य का प्रतीक चिन्ह की तस्वीर भेंट स्वरूप दी. मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि राज्य का नया प्रतीक चिन्ह बदलाव का सारथी है. प्रतीक चिन्ह झारखण्ड की भावना को प्रतिबिम्बित करता है.

राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि यह प्रतीक चिन्ह राज्य की पहचान और स्वाभिमान से जुड़ा है. इसमें राज्य की संस्कृति, प्राकृतिक खनिज संपदा को समाहित किया गया है, जो अद्भुत है. प्रतीक चिन्ह की वृताकार परिधि में हाथी, स्थानीय उत्सव, पलाश के फूलों और केंद्र में अशोक स्तंभ को स्थान दिया गया है. प्रतीक चिन्ह के ऊपरी भाग में झारखंड सरकार और नीचे गवर्नमेंट ऑफ झारखंड लिखा गया है.  

हेमंत सोरेन ने 29 दिसंबर 2019 को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद अपनी कैबिनेट में राज्य चिह्न बदलने का निर्णय लिया था. 205 दिनों के बाद कैबिनेट ने नए राज्य चिह्न बदलने पर मुहर लगाई. लगभग 200 दिनों की मेहनत के बाद इसे तैयार किया गया है.

Web Title : GOVERNOR UNVEILS JHARKHANDS NEW LOGO

Post Tags: