कांग्रेस की सरकार बनी तो कर्मचारियों की हर मांगे होगी पूरी-रचना लिल्हारे, कांग्रेस ने न्यु बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कर्मचारियों की हड़ताल को दिया समर्थन

बालाघाट. पदनाम परिवर्तन, वेतन विसंगति सहित 12 सूत्रीय मांगो को लेकर अंबेडकर चौक के गार्डन में कामबंद हड़ताल पर बैठे न्यु बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कर्मचारी संघ की हड़ताल को कांग्रेस ने समर्थन दिया. 26 मई को महिला कांग्रेस ग्रामीण जिलाध्यक्ष श्रीमती रचना लिल्हारे, शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष श्याम पंजवानी, उपाध्यक्ष अल्लारक्खा, नगर महिला कांग्रेस अध्यक्ष शानू राय, संगठन मंत्री पूर्णिमा सिहोरे, धर्म प्रकोष्ठ अध्यक्ष केवलसिंह झारिया, शहर कांग्रेस उपाध्यक्ष रामसिंह भाटिया, महामंत्री साबिर मंसुरी, बाल कांग्रेस प्रकोष्ठ अध्यक्ष सोनु मानेश्वर, सिंधी कल्याण प्रकोष्ठ अध्यक्ष मयुर मोटवानी सहित अन्य कांग्रेसी उपस्थित थे.  

इस दौरान कांग्रेसियों ने हड़ताली कर्मचारियों से चर्चा की और उनकी मांगो को जाना. महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष श्रीमती रचना लिल्हारे ने कहा कि पूरी कांग्रेस, स्वास्थ्य कर्मचारियों के साथ है, सरकार, हड़ताली कर्मचारियों को आंदोलन से उठवाने की धमकी भी दे सकती है, लेकिन हर नागरिक का अपने हक और अधिकार को लड़ने का अधिकार है. कर्मचारियों की मांगे जायज है, पूर्व में भी सरकार ने वचन पत्र में स्वास्थ्य कर्मचारियों की मांगो को शामिल किया था और इस वचन पत्र में भी शामिल किया जायेगा. हमें प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाना है, ताकि कर्मचारियों की मांगो का निराकरण हो सके.

शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष श्याम पंजवानी ने कहा कि कांग्रेस हमेशा जनहितैषी कार्य को समर्थन करती है. कर्मचारियों की मांगे जायज है. बीते कांग्रेस कार्यकाल में स्वास्थ्य कर्मचारियों की मांगे पूरी हो जाती लेकिन गद्दारों के कारण कांग्रेस की सरकार गिर गई. हम विश्वास दिलाते है कि कमलनाथ जी तक हम आपकी मांगो को पहुंचायेगे और विश्वास दिलाते है कि इस बार के वचन पत्र में भी स्वास्थ्य कर्मचारियों की मांगो को शामिल करें. उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने जो वादे किये थे, वह 15 महिने की सरकार में पूरे किये है और हम आपको विश्वास दिलाते है कि प्रदेश में आप सभी के सहयोग से सरकार बनते ही आपकी मांगो को पूरा करवाने का हम प्रयास करेंगे.  उपाध्यक्ष अल्लारक्खा ने कहा कि प्रदेश शासनकाल में कर्मचारी नाराज है उनके हक और अधिकारों को सरकार नहीं दे पा रही है, जबकि यह कर्मचारियों का वाजिब हक है. पूरी कांग्रेस कर्मचारियो के साथ है और कंधे से कंधा मिलाकर उनके हर आंदोलन में उनके साथ खड़ी है.


Web Title : CONGRESS EXTENDS SUPPORT TO NEW MULTIPURPOSE HEALTH WORKERS STRIKE IF VOTED TO POWER