एकलव्य सिंह पहुंचे सिंह मेंशन, मचा हड़कंप

धनबाद : सिंह मेंशन संपत्ति विवाद एक बार फिर से खुलकर लोगों के सामने आया है.

इस बात की चर्चा खूब जोरों पर थी कि डिप्टी मेयर एकलव्य सिंह संपत्ति् पर कब्जा करने के लिए जा रहे हैं.

इस बात की सूचना विधायक संजीव सिंह के द्वारा पुलिस को दी गयी.

सूचना मिलने के बाद शहर के विभिन्न थानों से पुलिस भारी संख्या में सिंह मेंशन पहुंची.

हालांकि पुलिस के पहुंचने के बाद वहां मामला कुछ भी नहीं दिखा.

क्या है मामला

बुधवार की सुबह एकलव्य सिंह सिंह मेंशन पहुंचे, जहां मेन गेट पर सुरक्षा कर्मियों से उनकी बहस भी हुई.

सूत्रों की मानें तो एकलव्य सिंह के द्वारा काफी कुछ कहा भी गया.

इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से कोई कुछ भी बोलने को तैयार नहीं हैं.

इस प्रकार की घटना से एक ओर जहां एकलव्य सिंह इनकार कर रहे हैं तो दूसरी ओर संजीव सिंह रांची में होने के कारण इस मामले में पूरी तरह अ​नभिज्ञता जाहिर कर रहे हैं.

डीएसपी ने की एकलव्य सिंह से बात

डीएसपी विधि व्यवस्था धीरेन्द्र नारायण बंका सूचना पाकर सरायढेला थाना पहुंचे जहां एकलव्य सिंह को भी बुलाया गया.

काफी देर तक एकलव्य सिंह थाने में बैठे रहे और डीएसपी से उनकी वार्ता चलती रही.

सूत्रों की मानें तो एकलव्य सिंह के द्वारा पुलिस से शिकायत भी की गयी है.

हालांकि पुलिस इस प्रकार की बात से साफ इनकार कर रही है.

एकलव्य ने कहा कोई विवाद नहीं

इस संबंध में एकलव्य सिंह ने पत्रकारों को बताया कि कोई संपत्ति विवाद नहीं है.

सिंह मेंशन वे नहीं गये हैं. वैसे कहीं आने—जाने से कोई माई का लाल मुझे नहीं रोक सकता.

जहां कहीं भी जाने की इच्छा होगी जाउंगा.

संजीव के पास आय का कोई स्त्रोत नहीं है, इसलिए सिंह मेंशन उन्हें दान में दे दिया.

सिंह मेंशन छीन गया तो संजीव के पास सिर छुपाने के लिए छत नहीं रहेगा.

संपित्त विवाद होने पर बड़े भाई नीरज सिंह व चाचा बच्चा सिंह देखेंगे.

संपत्ति विवाद में मैं कुछ नहीं कर सकता. संजीव सिंह विधायक हैं, सत्ता दल के नेता हैं, वे कुछ भी कर सकते हैं.

जरूरी पड़ने पर फौज बुला सकते हैं.

नहीं हो पाया संपर्क

इस संबंध में झरिया विधायक संजीव सिंह से भी बात करने के लिए संपर्क किया गया, लेकिन धनबाद में नहीं रहने के कारण उनसे संपर्क नहीं हो पाया.

 

Web Title : EKLAVYA REACHED SINGH MANSION