विधायक श्री बिसेन ने बाढ़ प्रभावित ग्रामों का किया भ्रमण,बाढ़ प्रभावितों को हर संभव मदद का आश्वासन

बालाघाट. मध्यप्रदेश शासन के पूर्व कृषि मंत्री एवं वर्तमान विधायक गौरीशंकर बिसेन ने आज 01 सितम्बर को लालबर्रा तहसील के बाढ़ से प्रभावित ग्राम धपेरा, मोहगांव, कौड़िया, मुरझड़ एवं छिंदलई का कलेक्टर दीपक आर्य एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक तिवारी के साथ भ्रमण किया और बाढ़ से मकानों एवं धान फसल को हुए नुकसान को देखा.

विधायक श्री बिसेन ने बाढ़ से प्रभावित लोगों को आश्वस्त किया कि जिनके मकानों एवं फसलों को नुकसान हुआ है, उसका शीघ्र सर्वे किया जायेगा और सभी को राहत राशि प्रदान की जायेगी. जिन लोगों के मकान क्षतिग्रस्त हुए है और बर्तन आदि का नुकसान हो गया है उनका भी सर्वे कर मुआवजा दिया जायेगा. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार प्राकृतिक आपदा की इस स्थिति में बाढ़ प्रभावित लोंगों के साथ खड़ी है. बाढ़ से जिन लोगों के मकान क्षतिग्रस्त हो गये है और जिनकी फसल पानी में डूबे रहने से खराब हो गई है, उन्हें हर संभव मदद की जायेगी. जिन लोगों को राहत शिविरों में रखा गया है उनके भोजन की व्यवस्था की गई है.

विधायक श्री बिसेन ने कलेक्टर श्री आर्य के साथ मोहगांव के सेवा सहकारी समिति के गोदाम का भी निरीक्षण किया. बाढ़ का पानी इस गोदाम में भर गया था. इस गोदाम में रासायनिक उर्वरक रखा गया था. कलेक्टर श्री आर्य ने बाढ़ से प्रभावित हुए उर्वरक को भी देखा.


Web Title : MLA SHRI BISEN VISITS FLOOD AFFECTED VILLAGES, ASSURES ALL POSSIBLE HELP TO FLOOD AFFECTED PEOPLE