अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज ने की पूर्व सीएम अर्जुन मुंडा के बयान की भर्तस्ना

धनबाद : झारखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा के ब्राह्मण विरोधी बयान के विरोध में अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज ने आज रणधीर वर्मा चौक पर एक दिवसीय धरना. साथ ही अर्जुन मुंडा के ब्राह्मण विरोधी बयान की कड़े शब्दों में भर्तस्ना की. विगत दिनों अर्जुन मुंडा ने एक कार्यक्रम में कहा था कि धनबाद के दोनों शिर्ष अधिकारी उपायुक्त कृपानंद झा तथा वरीय पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र कुमार झा, धनबाद को “झाझा स्टेशन” बनाने पर तुले हुए हैं. जबकि सच्चाई यह है कि दोनों ही अधिकारियों ने जिले में विकास तथा विधि व्यवस्था को बनाए रखने में अहम भूमिका अदा की है.

अर्जुन मुंडा के इस बयान के बाद समाज का हर वर्ग मुंडा के खिलाफ आवाज उठाने लगा है. उनके बयान की कड़े शब्दों में चौतरफा निंदा हो रही है. इसी कड़ी में आज अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज ने धरना भी दिया. इस अवसर पर पूर्व बियाडा अध्यक्ष बिजय झा ने कहा कि अर्जुन मुंडा चार-चार बार झारखण्ड के सीएम रह चुके हैं. सीएम रहते संविधान के प्रति शपथ लेने वाले पूर्व सीएम से ऐसे बेतुके बयान की कतई आशा नहीं थी.

श्री झा ने कहा कि अर्जुन मुंडा ने एक समुदाय विशेष के प्रति टिप्पणी करके अपने पद की गरिमा को गिराया है. उन्होंने कहा कि अर्जुन मुंडा अपनी टिप्पणी के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगे और अपने शब्दों को वापस लें, नहीं तो उनके हर कार्यक्रम का भरपूर विरोध किया जाएगा' धरना का नेतृत्व कृष्ण दुबे ने किया. कार्यक्रम में संस्था के प्रदेश संयोजक श्रीराम पाण्डेय, सुरेश चन्द्र तिवारी, सतेन्दर मिश्रा, नागेन्दर प्रसाद, विद्यापति समाज के अध्यक्ष, भागवत पाण्डेय, देव धरी पाण्डेय, विजय दुबे, मिथिलेश पाण्डेय सहित अन्य लोग उपस्थित थे.

 

Web Title : AKHIL BHARTIYA BRAHMIN SAMAJ CONDEMN EX CM ARJUN MUNDA