जल्द ही आर एस मोर काॅलेज बनेगा झारखंड का अग्रणी महाविद्यालय: डाॅ प्रवीण सिंह

धनबादः आर एस मोर कॉलेज गोविंदपुर जल्द ही धनबाद एवं झारखंड के अग्रणी कॉलेजों में एक होगा. इसके लिए पूरी टीम को समवेत भाव में सार्थक प्रयास निरंतर करने होंगे. उक्त बातें काॅलेज के प्राचार्य डाॅ प्रवीण सिंह ने महात्मा गांधी की पुण्यतिथि को लेकर शुक्रवार को महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम को सबोधित करते हुए कहीं.  

साबरमती के संत ने दिखाई विश्व को सत्य और अहिंसा की राह  

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर काॅलेज में आयोजित कार्यक्रम में बापू को श्रद्धा-सुमन अर्पित किए गए. प्राचार्य डॉ प्रवीण सिंह ने बापू की तस्वीर पर माल्यार्पण किया. उन्होंने गांधी जी को स्मरण करते हुए कहा कि आज हम ऐसे महापुरुष को याद कर रहे हैं, जिन्होंने विश्व को एक राह दिखाई कि अहिंसा के रास्ते पर चलकर भी संघर्ष किया जा सकता है. उन्होंने यह भी कहा कि यह भारत का सौभाग्य है कि ऐसा विराट व्यक्तित्व भारत मां की भूमि पर पैदा हुआ जिसने विश्व को सत्य एवं अहिंसा की राह दिखाई.

 एक भारत श्रेष्ठ भारत के तहत होंगी प्रतियोगिताएं 

छात्रों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि एक भारत, श्रेष्ठ भारत कार्यक्रम कार्यक्रम के अंतर्गत कॉलेज में कई प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी. उल्लेखनीय है झारखंड के कॉलेजों का चयन गोवा के कॉलेजों के साथ इस अभियान के अंतर्गत किया गया है. प्राचार्य डॉ प्रवीण सिंह ने कहा कि कॉलेज के नोटिस बोर्ड पर झारखंड एवं गोवा की संस्कृतियों को प्रदर्शित किया जाएगा. झारखंड की नृत्य कला एवं संगीत शैली आदि का प्रदर्शन भी इस अभियान के अंतर्गत कॉलेज में किया जाएगा. एक भारत श्रेष्ठ भारत अभियान के अंतर्गत महाविद्यालय में निबंध प्रतियोगिता, क्विज प्रतियोगिता आदि का आयोजन भी कॉलेज में किया जाएगा.

इनकी रही मौजूदगी

डॉ परमेश्वर महतो, डॉ अमित प्रसाद, डॉ सूर्यनाथ सिंह, सहायक प्रोफेसर में सुभाष दा, प्रकाश कुमार प्रसाद, अवनीश मौर्य, विनोद कुमार  इक्का,  त्रिपुरारी कुमार, सत्य नारायण गोराई, रागिनी शर्मा, स्नेहलता होरो, इकबाल अन्सारी, राजकुमार पॉल एवं अन्य उपस्थित थे.