विश्व दलहन दिवस पर महिला कृषकों के बीच हुई डायल आउट कांफ्रेंस

बालाघाट. विश्व दलहन दिवस के अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र बड़गांव के मार्गदर्शन में समाजसेवी संस्था रिलायंस फाउंडेशन के सूचना सेवा कार्यक्रम द्वारा डायल आउट कांफ्रेंस का आयोजन ग्राम कोहकाडीबर में  किया गया.  कार्यक्रम में मुख्य वक्ता कृषि विज्ञान केंद्र बड़गांव से प्रधान वैज्ञानिक डॉ. आर. एल. राउत ने महिला कृषको को संबोधित करते हुए भोजन की थाली में दाल के महत्व को बड़ी गहराई से समझाया. उन्होंने बताया कि दालों का महत्व हमारे शारीरिक और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करता है. इसलिए सभी किसान अपने खेतों में दलहनी फसलों को आवश्यक रूप से शामिल करें.

  डॉ. राउत ने महिला कृषकों को चना तुअर, मसूर, उड़द, मूंग की खेती करने के लिए प्रेरित करते हुए बताया कि इन फसलों में मुख्य रूप से प्राथमिक अवस्था में उगरा नामक रूप का प्रकोप होता है. इसके नियंत्रण हेतु ट्राइकोडर्मा नामक पाउडर से बीज एवं भूमि उपचार करना चाहिए इससे उगरा रोग का प्राथमिक प्रबंध किया जा सकता है.  कृषि वैज्ञानिक ने महिला कृषकों को चना की फसल में लगने वाली ईल्ली के विषय में विस्तृत जानकारी देते हुए नियंत्रण के लिए जैविक रूप से सप्तपत्ती काढ़ा, ब्रह्मास्त्र, गोमूत्र और नीम ऑयल के प्रयोग की जानकारी दी.  चना की फसल में अच्छा उत्पादन प्राप्त करने के लिए उन्होंने बताया कि फसल की कमजोर अवस्था में 191919 नामक की खाद तथा फल्ली अवस्था आते समय 0050 नामक खाद का प्रयोग करना चाहिए.

कार्यक्रम में महिला किसानों ने ध्वनि तरंगों के माध्यम से कृषि वैज्ञानिक से अपनी फसलों की जानकारी देते हुए संबंधित प्रश्न पूछे और उत्तर प्राप्त किया. महिला कृषक संजू दीदी ने बताया कि इस वर्ष ट्राइकोडर्मा से बीज एवं भूमि उपचार किया था जिससे उनकी चना की फसल में उगरा रोग पर नियंत्रण हुआ है. खेती-बाड़ी और पशुपालन की जानकारी प्राप्त करने के लिए किसान भाई कृषि विज्ञान केंद्र बड़गांव जाकर संपर्क कर सकते हैं या रिलायंस फाउंडेशन के निःशुल्क हेल्पलाइन नंबर 18004198800 पर सुबह 9. 30 से शाम से 7. 30 बजे तक फोन लगाकर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं तथा निःशुल्क ध्वनि संदेश प्राप्त करने के लिए भी इस नंबर पर अपना विवरण दे सकते हैं. कार्यक्रम में ग्राम कोहकाड़ीबार से महिला किसान शशिकला मसकारे, चंद्रकला, रंजू, नीतू नागपुरे सहित अन्य महिला उपस्थित थी.


Web Title : WOMEN FARMERS HOLD DIAL OUT CONFERENCE ON WORLD PULSES DAY