झारखंड की 4 सीटों पर महिलाओं के हाथ में प्रत्याशियों की किस्मत, पहली बार बना ये रिकॉर्ड

 झारखंड के 14 में से चार लोकसभा सीटों पर प्रत्याशियों की किस्मत महिला मतदाताओं के हाथों में है. राज्य में अनुसूचित जनजाति के पांच में से चार सीटों राजमहल, सिंहभूम, खूंटी और लोहरदगा में महिलाएं उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे. इन जिलों में पुरुष मतदाताओं की तुलना में महिला मतदाता ज्यादा हैं.

अगर पिछले 2019 के लोकसभा चुनाव की बात करें तो सभी लोकसभा क्षेत्रों में पुरुष मतदाता महिला वोटर से ज्यादा थे, लेकिन 2024 में राजमहल, सिंहभूम, खूंटी और लोहरदगा लोकसभा सीट में महिला मतदाता पुरुष की अपेक्षा ज्यादा हो गई हैं. ओवर ऑल राज्य की सभी लोकसभा सीटों की बात करें तो पुरुष और महिला मतदाताओं के बीच का अंतर अभी भी 4. 77 लाख है, जबकि 2019 में यह अंतर 10 लाख से ज्यादा का था. 2019 में 1,16,98,622 पुरुष मतदाता थे, जबकि 2024 में 1,29,97,325 मतदाता हो गए हैं.

पांच वर्षों में पुरुष मतदाताओं में 12,98,703 की वृद्धि हुई है. वहीं, 2019 में 1,06,65,587 महिला मतदाता थी, जबकि 2024 में बढ़कर 1,25,20,910 हो गई हैं. पांच सालों में महिला मतदाताओं की संख्या में 18,55,323 की वृद्धि हुई है.

दो सीटों में दो लाख और 10 में एक लाख से ज्यादा बढ़ी महिलाएं

पिछले पांच सालों में राज्य के 14 में से 12 लोकसभा क्षेत्र में महिला मतदाताओं की संख्या एक लाख से अधिक बढ़ी है. कोडरमा और पलामू में तो यह संख्या दो लाख से भी अधिक है. सिर्फ जमशेदपुर व सिंहभूम में एक लाख से कम नई महिलाएं मतदाता बनी हैं. वहीं, पुरुष मतदाताओं की बात करें तो गोड्डा, चतरा, कोडरमा, पलामू और हजारीबाग में ही एक लाख से अधिक बढ़े हैं, बाकि जगहों से इससे कम संख्या है. पांच साल में राजमहल लोकसभा सीट में 1,29,126 महिला मतदाता बढ़ी हैं. वहीं, दुमका में 1,02,461, गोड्डा में 1,50,959, चतरा में 1,43,108, कोडरमा में 2. 00,529, गिरिडीह में 1,21,259, धनबाद में 1,26,530, रांची में 1,54,128 महिला मतदाता बढ़ी हैं. इनके साथ-साथ जमशेदपुर में 87,089, सिंहभूम में 94,602, खूंटी में 1,09,439, लोहरदगा में 1,18,211, पलामू में 2,06,229 और हजारीबाग में 1,51,653 महिला वोटर्स बढ़ी हैं.

इन सीटों पर पुरुषों से ज्यादा महिला वोटर्स

लोकसभा क्षेत्र           महिला वोटर्स                  पुरुष वोटर्स

राजमहल                    8,41,217                        8,40,995

सिंहभूम                      7,27,734                        7,05,167

खूंटी                           6,67,946                        6,44,311

लोहरदगा                    7,19,616                        7,07,402

 

Web Title : FATE OF WOMEN CANDIDATES IN 4 SEATS OF JHARKHAND, THIS RECORD CREATED FOR THE FIRST TIME

Post Tags: