बिहार के इन शहरों की हुई हवा खराब पूर्णिया का एक्यूआई 200 पार


 बिहार में ठंड और धुंध की आहट के साथ ही कई जिलों की आवो-हवा भी खराब होने लगी है. सबसे बुरा हाल पूर्णिया, राजधानी पटना, मुजफ्फरपुर और कटिहार का है. जहां वायु गुणवत्ता सूचकांक यानी एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) खराब स्थिति में पहुंच गया. पटना के समनपुरा में गुरूवार सुबह एक्यूआई 181 दर्ज किया गया, जो कि खराब स्थिति में है. पूर्णिया में भी वायु गुणवत्ता सूचकांक बुधवार सुबह 220 के ऊपर रहा. दिन बढ़ने के साथ-साथ एक्यूआई में भी गिरावट दर्ज की गई.  

वहीं अन्य जिलों बेगूसराय, मोतिहारी, अररिया, किशनगंज, समेत अन्य जिलों में भी एक्यूआई बुधवार सुबह 100 से 170 के बीच दर्ज किया गया है. इसे भी अच्छी स्थिति में नहीं माना जाता है. राज्य के कई जिलों में सुबह धुंध का असर दिखने लगा है.  

बिहार के तमाम जिलों में गुरूवार 26 अक्टूबर सुबह 10 बजे एक्यूआई

शहर                     वायु गुणवत्ता सूचकांक
पूर्णिया                      220
पटना                       181
गया                         147
मुजफ्फरपुर               153
कटिहार                    153
मोतिहारी                  142
अररिया                    137
भागलपुर                  133
हाजीपुर                    125
सीवान                     119
किशनगंज                113
बेतिया                      90
छपरा                       63


वहीं राज्य में बढ़ने वायु प्रदूषण को देखते हुए बीएसपीसीबी के अध्यक्ष डीके शुक्ला ने कहा कि एक्यूआई की विभिन्न स्थितियों में कार्रवाई के लिए पिछले साल ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) तैयार किया गया था. हमने स्थिति से निपटने के लिए उपयुक्त कार्य योजना लागू करने के लिए सभी जिलाधिकारियों को सलाह भेज दी है.

 बीएसपीसीबी ने फसल के बाद खेत में धान की पुआल जलाने पर भी कड़ी निगरानी शुरू की है. राज्य सरकार ने पहले ही खेत में पराली जलाने पर जुर्माना निर्धारित कर दिया है और किसानों से उनके प्राकृतिक निपटान के लिए प्रौद्योगिकी का उपयोग करने का आह्वान किया है. कृषि विभाग किसानों को मिट्टी की उत्पादकता में बाधा डाले बिना समस्या से निपटने में मदद करने के लिए कृषि अपशिष्ट प्रबंधन उपकरणों पर 75% तक सब्सिडी दे रहा है.  

वायु गुणवत्ता सूचकांक का स्तर कितना खतरनाक यहां जानें
AQI 0-50 है तो हवा अच्छी है
AQI 51-100 है तो हवा ठीक है लेकिन संवेदनशील लोगों को सांस में हल्की परेशानी हो सकती है
AQI 101-200 है तो हवा अच्छी नहीं है, फेफड़े और दिल के मरीजों को सांस लेने में दिक्कत हो सकती है
AQI 201-300 है तो हवा खराब है, किसी भी व्यक्ति को सांस की दिक्कत हो सकती है
AQI 301-400 है तो हवा बहुत खराब है, सांस की बीमारी हो सकती है
AQI 401-500 है तो हवा खतरनाक है, स्वस्थ व्यक्ति भी बीमार पड़ सकता है


    Web Title : AIR QUALITY IN THESE CITIES OF BIHAR WORSENS, PURNEAS AQI CROSSES 200

    Post Tags: