स्थापना दिवस पर झारखंड ओडीएफ घोषित, सीएम ने की सौगातों की बरसात

रांची : आज झारखंड के स्थापना के 18 साल पूरे हो गए. स्थापना दिवस पर सीएम रघुवर दास और राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने बिरसा मुंडा की समाधी पर माल्यर्पण किया और कार्यक्रम की विधिवत शुरुवात की. इस मौके पर सीएम रघुवर सरकार ने सौगातों की बरसात की. वही राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने पूरे झारखंड को खुले में शौच मुक्त (ओडीएफ) किया.  

पीएम नरेंद्र मोदी ने झारखंड वासियों को झारखंड स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दी. इस दौरान राज्यपाल तथा मुख्यमंत्री रघुवर दास ने देवघर, लोहरदगा तथा हजारीबाग को पूर्ण विद्युतीकरण जिले की घोषणा की. इससे पहले रामगढ़, बोकारो, धनबाद तथा रांची जिले पूर्ण विद्युतीकरण घोषित किए जा चुके हैं.  

स्थापना दिवस का मुख्य कार्यक्रम के लिए मोरहाबादी मैदान को भव्य रूप से सजाया गया है. कार्यक्रम दोपहर में शुरू हुआ. कार्यक्रम में 1100 करोड़ रुपये की गुमला, पाकुड़, दुमका, लातेहार, सिमडेगा, चास, पाकुड़, साहिबगंज व अऩ्य जिलों के इंफ्रास्ट्रक्चर योजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया गया.

राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने प्लस टू शिक्षकों, राजस्व उप निरीक्षकों, अमीनो आदि को नियुक्ति पत्र दिया. विभिन्न क्षेत्रों में ख्याति प्राप्त करने वाले 10 लोगों को झारखंड सम्मान मिला. प्रत्येक को एक-एक लाख रुपये मिले. इनमें प्रसिद्ध तीरंदाज मधुमिता कुमारी और हॉकी खिलाड़ी निक्की प्रधान भी शामिल हैं.

राज्यपाल ने कहा कि 18 साल में झारखंड ने विकास के नए आयाम स्थापित किए. चार सालों में आदिवासियों के विकास के लिए कई काम हुए. पलायन रोकने के लिए रोजगार से जुड़ी कई योजनाएं शुरू की गईं. उन्होंने विकास में औऱ तेजी लाने के लिए समन्वित विकास पर जोर दिया.

मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा- उनकी सरकार पर भ्रष्टाचार का दाग नहीं लगा है, झारखंड के सर्वांगीण विकास में पुलिस की भूमिका महत्वपूर्ण है.

सांस्कृतिक कार्यक्रम मोरहाबादी मैदान में ही शाम छह बजे से शुरू होगा. इसमें स्थानीय कलाकारों को भी अपनी कला दिखाने का मौका मिलेगा. साथ ही रांची के लोग प्रसिद्ध गायक सुरेश वाडेकर और गायिका कविता कृष्णमूर्ति के साथ झूम सकेंगे. यह कार्यक्रम रात नौ बजे तक चलेगा.


Web Title : MANY ANNOUNCEMENTS OF RAGHUBAR GOVERNMENT ON JHARKHAND FOUNDATION DAY