झारखंड में बदला मौसम का मिजाज, रांची समेत कई जिलों में बारिश; IMD ने जारी किया यलो अलर्ट

राजधानी समेत राज्य का मौसम रविवार को बदल गया है. पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राजधानी और आसपास के जिलों में बादल छाए हुए हैं. राजधानी में रविवार को छिटपुट बारिश हुई, जिससे दिन में ठंड बढ़ गयी है. अधिकतम तापमान में सात से दस डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई है. जबकि, रात के न्यूनतम तापमान में कुछ वृद्धि हुई है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान तेज हवा और गरज के साथ बारिश होने का येलो अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग के अनुसार, मौसम में यह बदलाव नए पश्चिमी विक्षोभ के आने से हुआ है.

एक मार्च को देश के पश्चिमी और उत्तरी हिस्से में इसके आने के बाद झारखंड तक आ पहुंचा है. इसका प्रभाव राज्य में छह मार्च तक पड़ने की संभावना है. राज्य में पिछले 24 घंटों में रांची का अधिकतम तापमान 29. 2 डिग्री था, जो रविवार को गिरकर 22. 4 डिग्री दर्ज किया गया. जबकि, जमशेदपुर का तापमान 33. 2 से गिरकर 29. 0 डिग्री और मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान 31. 6 डिग्री से गिरकर 21. 8 डिग्री दर्ज किया गया. अधिकतम तापमान गिरने से रात में ठंड बढ़ गयी है. जबकि, रांची का न्यूनतम तापमान 24 घंटे के दौरान 14. 7 डिग्री से बढ़कर रविवार को 18. 1 डिग्री किया गया. वहीं, मेदिनीनगर का न्यूनतम 14. 5 डिग्री से बढ़कर 17. 8 डिग्री दर्ज किया गया. मौसम वैज्ञानियों के मुताबिक, सात मार्च तक बादल छाने और कहीं-कहीं गरज के साथ हल्की बारिश होने का अनुमान है. इसके बाद मौसम साफ होने की संभावना है.

पश्चिमी विक्षोभ के कारण राज्य में मौसम बदलाव हुआ है. अगले 24 घंटों के दौरान राजधानी समेत राज्य के मध्य हिस्सों में तेज हवा के साथ बारिश होने की संभावना है. सात मार्च तक इसका प्रभाव रहेगा. इसके बाद मौसम साफ होगा. -अभिषेक आनंद, वैज्ञानिक, मौसम विभाग, रांची

किस जिले में कितनी बारिश

मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में पिछले 24 घंटे में बारिश हुई है. सबसे अधिक बारिश मेदिनीनगर में हुई. सिमडेगा, चतरा आदि जिलों में हल्की बारिश हुई है.

मेदिनीनगर 5. 6 मिमी

गुमला 5. 0 मिमी

लातेहार 2. 8 मिमी

लोहरदगा 2. 4 मिमी

गढ़वा 2. 0 मिमी

जिलों का तापमान

जिला           अधिकतम                 न्यूनतम

रांची                 22. 4                       18. 1

जमशेदपुर         29. 0                       18. 4

मेदिनीनगर        21. 8                        17. 8

बोकारो             24. 2                        19. 5

चतरा                19. 9                        16. 1

देवघर                26. 5                       18. 1

गोड्डा                  25. 1                       17. 8

सिमडेगा            26. 0                        17. 4

Web Title : WEATHER PATTERN CHANGED IN JHARKHAND, RAIN IN MANY DISTRICTS INCLUDING RANCHI; IMD ISSUES YELLOW ALERT

Post Tags: