राजधानी रांची समेत झारखंड में मौसम में बदलाव की संभावना है. राज्य में 14 से आंशिक बादल छा सकते हैं. 16 से 18 मार्च तक हल्की बारिश होने का पूर्वानुमान है. इस बदलाव से राजधानी समेत राज्य के विभिन्न हिस्सों में तेजी से बढ़ रहे तापमान में कमी आएगी. मौसम विभाग के अनुसार, मौसम में बदलाव के बाद अधिकतम तापमान में चार से पांच डिग्री तक की गिरावट दर्ज हो सकती है. दिन में दोपहर के दौरान बढ़ रही गर्मी से राहत मिलेगी.
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में यह मौसम बदलाव एक नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण हो रहा है. यह विक्षोभ 12 मार्च को देश के उत्तर-पश्चिमी भाग में दस्तक दे चुका है. इसके प्रभाव से हिमालय के तराई क्षेत्रों में बारिश या बर्फबारी होने का अनुमान है. जबकि, अगले पांच दिनों तक इसके प्रभाव से झारखंड समेत देश के उत्तरी भागों में बादल छाएंगे और हल्की बारिश होगी.
झारखंड के अधिकांश जिलों में मंगलवार को मौसम साफ रहा. रांची का अधिकतम तापमान 30. 8 डिग्री और न्यूनतम 19. 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है. जबकि, जमशेदपुर का अधिकतम तापमान सबसे अधिक 35. 6 डिग्री तक पहुंच चुका है. यहां न्यूनतम तापमान 20. 2 डिग्री दर्ज किया गया. मेदिनीनगर का अधिकतम 35. 2 डिग्री रहा. राज्य के अधिकांश जिलों का अधिकतम 30 डिग्री के पार पहुंच चुका है.
जिलों का तापमान
जिला अधिकतम न्यूनतम
रांची 30. 8 19. 5
जमशेदपुर 35. 6 20. 2
मेदिनीनगर 35. 2 16. 8
बोकारो 32. 9 17. 5
चतरा 31. 6 14. 5
गढ़वा 33. 6 16. 2
सिमडेगा 33. 5 17. 7
देवघर 34. 3 17. 9
देश के पश्चिमी और उत्तरी हिस्से में एक नया पश्चिमी विक्षोभ आने के कारण उत्तरी भागों में होने वाले मौसम में बदलाव का असर झारखंड पर भी पड़ने की संभावना व्यक्त की गई है. इसके प्रभाव से राज्य में 14 से आंशिक बादल छा सकते हैं. -अभिषेक आनंद, वैज्ञानिक, मौसम विभाग रांची