मोहन यादव के रूप में भाजपा ने कार्यकर्ता को बनाया मुख्यमंत्री-अग्रवाल और कर्राहे

बालाघाट.   मध्यप्रदेश में भाजपा को मिले प्रचंड बहुमत के बाद मुख्यमंत्री का इंतजार प्रदेश की जनता को था जो 11 दिसंबर को भाजपा पर्यवेक्षकों की विधायक दल की बैठक के बाद तय हो गया. भाजपा ने प्रदेश में पांचवी बार सरकार में बतौर मुख्यमंत्री मोहन यादव का नाम घोषित किया. जिसके बाद, अब प्रदेश में सरकार के जल्द गठन का रास्ता साफ हो गया है.  

पूर्व शिक्षा मंत्री और उज्जैन दक्षिण से विधायक मोहन यादव को मुख्यमंत्री बनाए जाने के बाद भजपा में खुशी का माहौल है. भाजपा जिलाध्यक्ष सत्यनारायण अग्रवाल ने कहा कि भाजपा के एक छोटे से कार्यकर्ता डॉ. मोहन यादव को मध्यप्रदेश जैसे बड़े सूबे के मुख्यमंत्री का दायित्व सौंपा जाना, निश्चित ही एक निर्णायक, जनकल्याणकारी, संगठित और ऐतिहासिक कदम है. उन्होंने कहा कि भाजपा ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, भाजयुमो से जुड़े रहे एक सामान्य भाजपा के कार्यकर्ता को मुख्यमंत्री जैसा बड़ा दायित्व सौपना भाजपा में ही संभव है. इस साहसिक निर्णय के लिए भाजपा जिलाध्यक्ष सत्यनारायण अग्रवाल ने भाजपा के केन्द्रीय और प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त किया है. उन्होंने कहा कि प्रदेश के नव नियुक्त मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश नव विकास के आयाम गढ़ेगी. संचालित योजनाएं ध्रुत गति से आगे बढ़ेगी.  

लांजी के नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष राजकुमार कर्राहे ने कहा कि भाजपा ने एक कार्यकर्ता को मुख्यमंत्री बनाकर यह स्पष्ट कर दिया है कि भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है, जिसमें समर्पित कार्यकर्ता भी मुख्यमंत्री के पद तक पहंुच सकता है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश और भी विकास करेगा और इसका लाभ निश्चित ही लांजी विधानसभा को मिलेगा.


Web Title : BJP MADE MOHAN YADAV AS CM: AGARWAL AND KARRAHE