मध्यप्रदेश अधिकारी, कर्मचारी संयुक्त मोर्चा का चरणबद्व आंदोलन 20 से,संयुक्त मोर्चा के जिला मुख्य संयोजक बने सजल मस्की

बालाघाट. प्रदेश के शासकीय अधिकारी, कर्मचारियों की मांगो को लेकर अलग-अलग लड़ाई नहीं बल्कि 20 संगठनों का संयुक्त मोर्चा लड़ाई लड़कर अपनी मांगो के निराकरण की आवाज को बुलंद करेगा. संयुक्त मोर्चा का तीन दिवसीय चरणबद्व आंदोलन की शुरूआत आगामी 20 जुलाई से होगी. संपूर्ण मध्यप्रदेश में तीन दिवसीय चरणबद्व आंदोलन की कड़ी में 20 जुलाई को संयुक्त मोर्चा द्वारा शासकीय अधिकारी, कर्मचारियों की मांगो और समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री एवं मुख्य सचिव मध्यप्रदेश शासन के नाम ज्ञापन सौंपा जायेगा. जबकि आगामी 24 जुलाई को जिले के प्रभारी मंत्री, प्रदेश शासन में जिले में विधायक बने मंत्री, सांसद और विधायकों को ज्ञापन सौंपा जायेगा. वहीं 29 जुलाई को अधिकारी और कर्मचारी एक दिन के सामूहिक अवकाश पर रहकर काम बंद करेंगे. संयुक्त मोर्चा के शासकीय अधिकारी, कर्मचारियों को लेकर गठित संयुक्त मोर्चा के जिला मुख्य संयोजक सजल मस्की ने यह जानकारी दी.  

अलग-अलग संगठनों के माध्यम से शासकीय अधिकारी, कर्मचारियों की मांगो और समस्याओं को लेकर आंदोलन करने वाले संगठनों की संयुक्त बैठक 18 जुलाई को मुख्यालय के डाईट बालाघाट में आयोजित की गई. जिसमें सभी संगठनों की एकजुटता के साथ संयुक्त मोर्चा का गठन किया गया. जिसमें संयुक्त मोर्चा की जिम्मेदारी संरक्षक के रूप में गिरधारी भगत और जिला मुख्य संयोजक सजल मस्की को सभी संगठनों के जिलाध्यक्ष द्वारा सर्वसम्मति से दी गई. साथ ही यह तय किया गया कि प्रतिमाह में संयुक्त मोर्चा की बैठक आहूत की जायेगी और अधिकारी, कर्मचारी के बीच बेहतर समन्वय के लिए संयुक्त मोर्चा कार्य करेगा.

इस दौरान संयुक्त मोर्चा में शामिल सभी संगठनों के अधिकारी, कर्मचारियों की मांगो और समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की गई. जिसमें प्रमुख रूप से तीन सूत्रीय मांगो लंबित महंगाई भत्ता, वार्षिक वेतनवृद्धि एवं पदोन्नति को लेकर सभी संगठनों ने अपने-अपने विचार रखे और तय किया गया कि इन प्रमुख मांगो के निराकरण की मांग ही ज्ञापन के माध्यम से की जायेगी.  

इस बैठक में शिक्षक कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश वर्मा, प्रांतीय सचिव सुनील मेश्राम, महामंत्री बी. एल. चौधरी, कोषाध्यक्ष एन. पी. सोलंकी, पुरानी पेंशन बहाली संघ जिलाध्यक्ष बी. के. पटेल, समग्र शिक्षक संघ जिलाध्यक्ष एस. डी. पटले, राजस्व कर्मचारी संघ जिलाध्यक्ष मुकेश उईके, स्वास्थ्य कर्मचारी संघ जिलाध्यक्ष संतलाल सहारे, सुरेन्द्र लांजेवार, शासकीय अध्यापक संघ जिलाध्यक्ष रितेश गेडाम, लघु वेतन कर्मचारी संघ जिलाध्यक्ष संतोष प्रधान, वनविभाग कर्मचारी संघ जिला संयोजक सुरेश शिववंशी, अपाक्स जिलाध्यक्ष उमेश पंचेश्वर, शा. प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षक संघ टी. एल. भालेकर, तकनीकि कर्मचारी संघ जिलाध्यक्ष जगदीश मेश्राम, पंचायत सचिव संगठन भजन वलके, पंचायत अधिकारी संयुक्त मोर्चा जिला संयोजक डी. एल. नगपुरे, लिपिक वर्गीय कर्मचारी संघ जिलाध्यक्ष योगेन्द्र तोमर, सरोज बोरकर, जे. एल. ठाकरे, मोहित नाकतोड़े, शिवशंकर भगत, दीपक शरणागत, जितेन्द्र नेवारे, हरीशंकर दमाहे, वरूण देव, नामदेव राऊत, हरेन्द्र बागड़े, डिगनलाल राऊत सहित उपस्थित थे. बैठक का समापन राकेश वर्मा द्वारा सभी संगठनों के पदाधिकारियों का संयुक्त मोर्चा में शामिल होने और उपस्थित होने पर आभार जताया गया.  


Web Title : MADHYA PRADESH OFFICER, EMPLOYEES UNITED FRONTS CHARANBADV AGITATION FROM 20, SAJAL MASKI APPOINTED DISTRICT CHIEF CONVENER OF UNITED FRONT